
स्वर्गीय प्रेम भाई के 91वें जन्मदिवस पर उनके आदर्शों को किया गया याद
शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और जल-जंगल-जमीन के अधिकार के लिए जीवनभर समर्पित रहे प्रेम भाई।
दुद्धी, सोनभद्र। सामाजिक सेवा, समर्पण और त्याग के माध्यम से जनमानस पर अमिट छाप छोड़ने वाले स्वर्गीय प्रेम भाई जी का 91वां जन्मदिवस उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके जीवन से जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए उनके उच्च आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी के प्राचार्य राजेश कुमार भारती ने कहा कि प्रेम भाई ने रासायनिक खेती से दूर जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने गरीब और वंचित वर्गों की चिंता को अपने जीवन का प्रमुख उद्देश्य बनाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अमरनाथ जायसवाल ने कहा कि प्रेम भाई ने बिहार, उड़ीसा, तत्कालीन मिर्जापुर जनपद सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में मानव सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। विशिष्ट अतिथि रामेश्वर प्रसाद राय ने डाल्टनगंज क्षेत्र में उनके साथ किए गए श्रमदान सहित अनेक सामाजिक कार्यों की स्मृतियां साझा कीं।
वरिष्ठ अधिवक्ता रामलोचन तिवारी ने बताया कि प्रेम भाई ने बनवासी सेवा आश्रम के उत्थान तथा आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर भौमिक अधिकार की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने बताया कि प्रेम भाई कई भाषाओं के ज्ञाता थे और शिक्षा एवं छात्रावास जैसी व्यवस्थाओं के विकास में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रेमचंद यादव, डॉ. वीर अभिमन्यु सिंह, कुलभूषण पांडेय और जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने भी उनके सामाजिक सरोकारों और गरीब, शोषित एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को याद किया।
बनवासी सेवा आश्रम की मंत्री सुभा बहन ने अपने पिता की स्मृतियों को याद करने वाले सभी वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जरूरतमंद आदिवासी क्षेत्र के लोगों को विभिन्न मामलों में न्याय दिलाने के लिए अधिवक्ताओं के संयुक्त पैनल के सहयोग का आह्वान किया। राखी जायसवाल ने सिलाई मशीन प्रशिक्षण और योग प्रशिक्षण कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में रविन्द्र जायसवाल, शिवशंकर गुप्ता एडवोकेट, देवनाथ भाई, विमल भाई, चित्रांगन दुबे, रामजी पाण्डेय, धरमु सिंह, संतोष जायसवाल, कृष्ण मुरारी पांडे, अनुप कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



