
जनजातीय महोत्सव में दिखा लोक संस्कृति का रंग
शोभायात्रा में उमड़ी भीड़, पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य ने मोहा मन

कोन/सोनभद्र। विकासखंड कोन के ग्राम पंचायत बागेसोती स्थित जउवाजोत में मंगलवार को जनजाति सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज की परंपराओं, लोककला और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला।
महोत्सव के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने पारंपरिक परिधान में शामिल होकर अपनी संस्कृति की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की। लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों से वातावरण पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग गया। शोभायात्रा देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, ओबरा तहसीलदार नरेंद्र राम, क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंद जी, धीरेंद्र जायसवाल समेत जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय परंपराएं भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली विरासत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन सेवा समर्पण संस्थान, सोनभद्र के तत्वावधान में किया गया। संयोजक हरिनाथ उरांव सहित आयोजन समिति ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।
महोत्सव को सफल बनाने में खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार सहित बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहे।
आयोजन की सफलता में शशांक मिश्रा, राजकुमार उरांव, विजय सिंह, विनोद उरांव, अमरनाथ, कार्तिक, शिवानन्द हृदय यादव और बिहारी समेत समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।




