
डिहवार बाबा स्थान पर महिलाओं ने निभाई पारंपरिक रस्म, गांव की सुख-शांति की कामना।
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम छतरपुर स्थित डिहवार बाबा स्थान पर बुधवार को ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना कर गांव में अमन-चैन, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। आयोजन में आदिवासी एवं पिछड़े समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
डिहवार बाबा के संचालक रामप्यारे चेरो के नेतृत्व में महिलाओं ने झारखंड बॉर्डर क्षेत्र में सामूहिक रूप से पारंपरिक झाड़ू-बहारन की रस्म निभाई। इसके बाद महिलाएं डिहवार बाबा के स्थान पर पहुंचीं, जहां रंग-बिरंगे पारंपरिक गीतों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
ग्रामीणों की मान्यता है कि इस पारंपरिक आयोजन से गांव में सुख-शांति बनी रहती है और किसी प्रकार की आफत-विपत्ति न आए। पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं ने अपने परिवार और पूरे गांव की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के समापन के बाद महिलाएं खुशी-खुशी अपने घर लौट गईं।
इस अवसर पर रामप्यारे चेरो, दीनदयाल विश्वकर्मा, रमाकांत विश्वकर्मा, शिवकुमार यादव, राजेश कुमार यादव, इंकुवारी देवी, सुधानी देवी, मीना देवी, बुधनी देवी, मंजू देवी, राजमती देवी और रानी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में शिव यादव ने सहयोग किया।



