

अनियंत्रित बाइक बरगद के पेड़ से टकराई, दो युवक गंभीर घायल।

विंढमगंज, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव के समीप नेशनल हाईवे-39 पर मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महुली बाजार से घर लौट रहे बाइक सवार दो युवक अचानक बाइक अनियंत्रित होने से सड़क किनारे स्थित विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराए। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की पहचान घिवही टोला निवासी श्याम बिहारी (24) पुत्र लखन और मनीष कुमार (22) पुत्र सुरेंद्र कुशवाहा के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े थे।इसी दौरान विंढमगंज थाना की ओर जा रहे डायल-112 पीआरबी वाहन UP32 DG 6075 पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर घायलों पर पड़ी। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों युवकों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।पीआरबी टीम में कांस्टेबल मनीष कुमार, मनमोहन यादव तथा चालक विजय यादव शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को भी घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गए।स्थानीय लोगों के मुताबिक जोरूखाड़ के इस हिस्से में पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से दुर्घटना संभावित स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।





