
लगातार बारिश से कच्चे मकान की दीवार गिरी, दो बच्चों समेत परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर।

दुद्धी/सोनभद्र। विकासखंड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़ीसेमर की यादव बस्ती में लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। निवासी अखिलेश यादव के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
अखिलेश यादव ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 11 बजे परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक दीवार गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर निकले तो देखा कि मकान की बाहरी दीवार गिर चुकी थी। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
अखिलेश के अनुसार, मकान को किसी तरह बचाने के लिए बांस-बल्लियों का सहारा लिया गया है, लेकिन यह अस्थायी सहारा भी कभी गिर सकता है। ऐसे में परिवार और खासकर उनके दो बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने मामले की जानकारी ग्राम प्रधान को दे दी है। अब उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल और ग्राम प्रधान से मौके का निरीक्षण कराकर नियमानुसार सरकारी सहायता एवं आवासीय राहत उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को सुरक्षित आशियाना मिल सके।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बारिश को देखते हुए प्रभावित परिवार के मकान का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और पात्रता के अनुसार राहत उपलब्ध कराई जाए।



