

जानकी मंदिर परिसर में गूंजा जय माता दी का जयघोष, दुर्गा पूजा-रामलीला को लेकर बनी आयोजन समिति।

नवरात्रि के नौ दिनों तक होगा धार्मिक आयोजन, विजयादशमी पर होगा भव्य रावण दहन।

विंढमगंज/सोनभद्र। उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा पर स्थित मां जानकी मंदिर एवं डिहवार बाबा के पावन प्रांगण में 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 8 बजे आगामी दुर्गा पूजा, नवरात्रि, रामलीला एवं रावण दहन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन एवं देखरेख डिहवार बाबा के ब्रह्मचारी वेद मोहन जी के नेतृत्व में किया गया। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में सलैयाडीह के पूर्व ग्राम प्रधान अरविंद कुमार जायसवाल, मुरारी जायसवाल, प्रभात कुमार गुप्ता, किश्ल्य मयूर जायसवाल, पवन कुमार रजक, विवेक जायसवाल, सलैयाडिह वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक सिंह उर्फ किंशु सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए समिति का गठन किया गया। संजय कुमार को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं ओम प्रकाश रावत, डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा शिवम गुप्ता उर्फ विक्की मद्धेशिया को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं।
राजू गुप्ता व राज कमल कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। महामंत्री की जिम्मेदारी अमित केसरी, सत्यम जायसवाल, प्रकाश कुमार गुप्ता एवं प्रियांशु गुप्ता को दी गई।
रावण के विशाल पुतले के निर्माण की पूरी जिम्मेदारी अमित कुमार केसरी को सौंपी गई है। वहीं आयोजन के प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया कवरेज की जिम्मेदारी प्रभात कुमार गुप्ता, जितेंद्र प्रसाद, वीरेंद्र गुप्ता, प्रेम कुशवाहा, ओम प्रकाश रावत एवं अजय गुप्ता को दी गई है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना एवं नवरात्रि का आयोजन सनातन हिंदू रीति-रिवाज और विधि-विधान से किया जाएगा। इसके साथ ही रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य और धर्म की विजय का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
नवरात्रि के नौ दिन पूरे होने के बाद विजयादशमी के अवसर पर भव्य रावण दहन किया जाएगा। आयोजन समिति का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र में सत्य, धर्म, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाना है।



