
रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग अधूरा, बारिश में कीचड़ और जलभराव से बढ़ी परेशानी।
विंढमगंज, सोनभद्र। आदर्श नगर विंढमगंज से रेलवे स्टेशन समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग अधूरा होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि मार्ग का करीब 80 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा अब भी अधूरा पड़ा है। बारिश होने पर इसी अधूरे हिस्से में कीचड़ और पानी जमा हो जाने से आवागमन मुश्किल हो जाता है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय और बाजार तक पहुंचने के लिए यह सबसे नजदीकी रास्ता है। वैकल्पिक मार्ग से जाने पर करीब दो से तीन किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिसके चलते लोग मजबूरी में इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।
रेलवे लाइन के नजदीक होने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षित आवागमन के लिए यहां अंडरपास की सुविधा नहीं है।
ग्रामीण सुरेंद्र रावत, गिरिवर पासवान, नीरज गुप्ता, गौतम और जगदीश यादव ने बताया कि मार्ग का इस्तेमाल ग्रामीणों के साथ रेलवे से जुड़े लोगों द्वारा भी किया जाता है। उनका कहना है कि भूमि रेलवे से संबंधित होने के कारण ग्राम पंचायत स्तर से निर्माण कार्य पूरा कराने में दिक्कत आ रही है।
ग्रामीणों ने रेलवे विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से अधूरे हिस्से का निर्माण शीघ्र पूरा कराने और रेलवे लाइन के पास सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



