
राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला के निर्माण पर डीएम की सख्ती!
धीमी रफ्तार पर डीएम चर्चित गौड़ ने जताई नाराजगी,
श्रमिक-मिस्त्रियों की संख्या बढ़ाकर समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
दुद्धी/सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला का स्थलीय निरीक्षण कर भवन निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गति धीमी पाए जाने पर डीएम ने संबंधित कार्यदायी संस्था को कड़ी हिदायत देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यकतानुसार श्रमिकों और मिस्त्रियों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि निर्माण कार्य समय से पूरा हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भवन निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित मानकों की अनदेखी या निर्माण में लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय झारोकला की छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शिक्षा व्यवस्था और विद्यालय में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली।
📌 डीएम के निर्देश के बाद अब राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।



