
दोस्तों संग घूमने निकला युवक सुबह शिव मंदिर के गेट पर मिला अचेत, 112 ने पहुंचाया अस्पताल
शाम 6 बजे घर से निकला था राजू यादव, रात में दोस्तों के साथ जाने की बताई बात; सुबह 6 बजे मंदिर के पास मिलने से मचा हड़कंप
विंढमगंज/सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव में 17 सितंबर 2026 की रात एक युवक के अचेत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। शाम को दोस्तों के साथ घर से निकला युवक अगले दिन शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे शिव मंदिर के गेट के पास अचेत अवस्था में पाया गया। युवक को 112 पुलिस टीम ने मौके से उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मंदिर परिसर के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि हरनाकछार निवासी राजू यादव पुत्र श्री राम यादव, उम्र करीब 30 वर्ष, गुरुवार शाम लगभग छह बजे अपने दोस्तों धर्मेंद्र चंद्रवंशी और शिवम यादव के साथ घर से निकला था। राजू के अनुसार, तीनों पहले विंढमगंज स्थित एक बीयर बार पहुंचे, जहां उन्होंने शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच नोकझोंक भी हुई।
राजू ने बताया कि इसके बाद तीनों वापस अपने घर आए। कुछ समय बाद वह पुनः अपने दोस्तों शिवम यादव और धर्मेंद्र चंद्रवंशी के साथ केवाल की ओर निकले। और राजू के मुताबिक, रात करीब 11 बजे केवाल निवासी मेवालाल गुप्ता के किराना दुकान पहुंचे और शराब खरीदकर, शराब पीए और । इसके बाद मेरे साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे राजू शिव मंदिर के गेट के पास अचेत अवस्था में मिला। युवक को इस हालत में देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी जैसे ही राजू के परिजनों को हुई, घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे और युवक की हालत को लेकर चिंतित नजर आए।
फिलहाल युवक के शिव मंदिर के गेट तक पहुंचने और रात में उसके साथ क्या हुआ, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। राजू के बयान और जांच के बाद ही पूरी घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।



