
धोखाधड़ी मामले में दंपति के खिलाफ एफआईआर का आदेश, 5.75 लाख रुपये हड़पने का आरोप
एसीजेएम कोर्ट ने अनपरा थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने और कार्रवाई से न्यायालय को अवगत कराने का दिया निर्देश
सोनभद्र। धोखाधड़ी कर 5 लाख 75 हजार रुपये हड़पने के आरोप से जुड़े मामले में अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन/एसीजेएम, सोनभद्र अजय सिंह की अदालत ने दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने अनपरा थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना करने तथा की गई कार्रवाई से न्यायालय को अवगत कराने का निर्देश दिया है।
यह आदेश पंकज कुमार सिंह पुत्र शिव दयाल सिंह निवासी सिरसोती, नकटू, थाना बीजपुर, सोनभद्र की ओर से अधिवक्ता अरुण कुमार सिंघल के माध्यम से दाखिल प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान दिया गया।
चार साल की आरडी योजना के नाम पर निवेश कराने का आरोप
प्रार्थना पत्र में पंकज कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पूर्व परिचित आकाश कुमार सिंह पुत्र वीरेंद्र प्रताप सिंह एवं उनकी पत्नी श्वेता सिंह निवासी ग्राम चेतवा, थाना बीजपुर उनके घर आए थे। आरोप है कि श्वेता सिंह ने स्वयं को सिटी म्युचुअल बेनिफिट इंडिया लिमिटेड की अनपरा औड़ी मोड़ शाखा का एजेंट बताते हुए चार वर्ष की आरडी योजना में निवेश करने की सलाह दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें बताया गया कि योजना में प्रत्येक माह 10 हजार रुपये चार वर्ष तक जमा करने पर 6 लाख 10 हजार 800 रुपये प्राप्त होंगे। आरोप है कि इस पर विश्वास करते हुए 31 जुलाई 2021 को 10 हजार रुपये नगद देकर आरडी कराई गई और अनपरा स्थित शाखा कार्यालय में कई पन्नों पर हस्ताक्षर कराए गए।
इसके बाद शिकायतकर्ता के अनुसार, 11 अगस्त 2021 को दो लाख रुपये की एफडी तीन वर्ष के लिए चेक के माध्यम से की गई। आरोप है कि उक्त चेक की रकम आकाश कुमार सिंह ने भारतीय स्टेट बैंक की बभनी शाखा से प्राप्त की थी। शिकायतकर्ता को तीन वर्ष बाद करीब 2 लाख 81 हजार रुपये मिलने की बात बताई गई थी।
निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भुगतान मांगने पर विवाद
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब आरडी और एफडी की निर्धारित अवधि पूरी हो गई तो उन्होंने अपनी रकम का भुगतान मांगा। आरोप के मुताबिक, शुरुआत में जल्द भुगतान कराने की बात कही गई, लेकिन बाद में पैसे मांगने पर कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में यह भी कहा गया कि अब कंपनी नहीं है, इसलिए पैसा नहीं मिलेगा।
मामले में शिकायतकर्ता ने अनपरा थाने में सूचना देने का दावा किया है। आरोप है कि थाने स्तर से कार्रवाई नहीं होने पर 21 जुलाई 2026 को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को भी सूचना दी गई, लेकिन वहां से भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया।
अदालत ने माना प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने अधिवक्ता अरुण कुमार सिंघल के तर्कों तथा अनपरा थाने से प्राप्त रिपोर्ट का अवलोकन किया। रिपोर्ट में मुकदमा दर्ज नहीं होने की स्थिति सामने आने के बाद अदालत ने मामले को प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध मानते हुए अनपरा थानाध्यक्ष को एफआईआर दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया।
अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मामले में की गई कार्रवाई से न्यायालय को भी अवगत कराया जाए।
फोटो: अरुण कुमार सिंघल, अधिवक्ता।



