
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम जोरूखाड़ निवासी बसपा के बूथ अध्यक्ष सुरेश राम भारती (59 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय चतुरगुन राम का सर्पदंश के बाद बनारस में उपचार के दौरान निधन हो गया। बताया गया कि कुछ दिन पूर्व बेहराजड़ा गांव में उन्हें सांप ने डंस लिया था। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बनारस ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सुरेश राम भारती बहुजन समाज पार्टी से लंबे समय से जुड़े हुए थे और बूथ अध्यक्ष के रूप में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। परिचितों के अनुसार उनका स्वभाव मृदुभाषी और मिलनसार था। सामाजिक स्तर पर भी उनकी अच्छी पहचान थी।
बुधवार को उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, राजनीतिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक शामिल हुए। मलिया नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान आयोजित शोकसभा में बसपा के मिर्जापुर मंडल प्रभारी कोऑर्डिनेटर रामविचार गौतम, सेकरार अहमद, अब्दुल हकीम मुस्लिम भाईचारा संयोजक, पूर्व प्रधान मुन्ना लाल गौतम, संदीप भारती, राजेश रावत, विमल यादव, सुरेंद्र भारती, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगदीश यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उपस्थित लोगों ने दिवंगत सुरेश राम भारती को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।



