
15 दिनों से बंद पानी की सप्लाई, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश।
महुली, सोनभद्र। दुद्धी विकासखंड के महुली क्षेत्र में मलिया नदी से होने वाली पेयजल आपूर्ति पिछले करीब 15 दिनों से पूरी तरह ठप है। इससे महुली समेत पतरिहा, फुलवार, पोलवा और हिराचक गांवों के ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट गहरा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले जल निगम के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती थी। बाद में हर घर जल योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई, लेकिन योजना लागू होने के बाद से ही नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कभी कुछ दिनों तक पानी मिलता है तो कभी लंबे समय तक सप्लाई बंद रहती है।
लगातार 15 दिनों से पानी नहीं आने के कारण ग्रामीणों को दूसरे जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीण वीरेंद्र कनौजिया, राकेश कुमार, प्रमोद कुमार, संजय गुप्ता, विजेंद्र कनौजिया और राजकिशोर ने बताया कि समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को कई बार दी गई, लेकिन अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द व्यवस्था दुरुस्त कर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
सेंल फोन के माध्यम से उपजिलाधिकारी से बात हुई तब उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने बताया पानी की सप्लाई तत्काल चालू करा दिया जाएगा ग्रामीणो को पानी के लिए कोई समस्या नहीं होने दिया जाएगा



