
कनहर नदी में अवैध बालू खनन पर वन विभाग का शिकंजा, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त।

पोलवा के पास तड़के हुई कार्रवाई, वन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज; ग्रामीणों ने उठाए बड़े सवाल
विंढमगंज, सोनभद्र। विंढमगंज वन रेंज क्षेत्र में कनहर नदी से कथित अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सोमवार की सुबह कार्रवाई करते हुए एक बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। विभागीय कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक वन विभाग की टीम सोमवार तड़के क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पोलवा गांव के समीप कनहर नदी की तरफ से बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलती दिखाई दी। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए ट्रैक्टर को महुली निवासी राजू पुत्र श्याम बिहारी का बताया जा रहा है।
वन विभाग के अनुसार वाहन को रेंज कार्यालय लाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। मामले में भारतीय वन अधिनियम-1927 की धारा 41/42 एवं 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि कनहर और मलिया नदी क्षेत्र में अवैध बालू खनन का सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। पकरी, हरपुरा, पतरीहा, डुमरा, फुलवार और जोरूखाड़ समेत कई गांवों के आसपास कथित तौर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर नदी क्षेत्र में पहुंचते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कार्रवाई की भनक लगते ही कई वाहन मौके से हट जाते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन से नदियों के प्राकृतिक स्वरूप पर असर पड़ रहा है और सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है। उन्होंने प्रशासन से पूरे क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
विंढमगंज वन क्षेत्राधिकारी रत्नेश यादव ने बताया कि गश्त के दौरान अवैध खनन कर बालू परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई है। वाहन को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



