
महीनों से खराब ट्रांसफार्मर ने बढ़ाई परेशानी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
25 केवीए की क्षमता कम पड़ने का आरोप, 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की उठी मांग
विंढमगंज/सोनभद्र। ग्राम पंचायत महुली में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शिवम इंटर कॉलेज के समीप लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर महीनों से खराब पड़ा है। इससे करीब 30 से 40 विद्युत उपभोक्ताओं के परिवार प्रभावित हैं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों के दैनिक कार्य, बच्चों की पढ़ाई और पेयजल व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक इसे बदलने की कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि विभागीय अधिकारी हर बार जल्द समाधान का आश्वासन देते हैं, मगर समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान ट्रांसफार्मर पर विद्युत भार अधिक है। क्षमता कम होने के कारण 25 केवीए का ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो जाता है। क्षेत्र में उपभोक्ताओं की संख्या और बिजली की मांग बढ़ने के बावजूद क्षमता बढ़ाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
समस्या से नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और विभाग से तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि केवल खराब ट्रांसफार्मर बदलने से स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके स्थान पर 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाना चाहिए, ताकि अधिक भार के कारण भविष्य में आपूर्ति बाधित न हो।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन तेज करेंगे। प्रदर्शन में शिवनाथ यादव, देवेंद्र यादव, ईश्वरी यादव, मुहम्मद शाकिर, मुहम्मद बशीर, सोमनाथ समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।



